अखरता है
शब्दकोश के शब्दों के यह , कान कतरता है ,
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है !
निर्मम निर्दय निष्ठुर नीरस
जो चाहे तू कह ले ,
मेरी नदिया तू बस मुझमें
मंथर मंथर बह ले ,
तेरे रुक जाने से मेरा , प्राण ठहरता है ,
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है !
मुख पर अंगुली धरे हुए हैं
चूड़ी कंगन पायल ,
पलकों के घर चुप बैठे हैं
मन के काले काजल ,
देखा देखी झुमका देखो , पेंग न भरता है ,
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है !
जूही चम्पा और चमेली
बोल रहीं हैं कब से ,
विद्रोही ये तेवर तेरे
तोल रहीं हैं कबसे ,
अधिक क्रोध से बना बनाया , बाग बिखरता है ,
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है !
आती जाती गंध छुआती
अच्छी लगती है ,
गीत गजल तू छंद चुआती
अच्छी लगती है ,
सुन कस्तूरी खोकर अपनी , कौन निखरता है
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है!
पुष्प वाटिका है तू मेरी
प्रीत घटी है तुझसे ,
तुझसे मेरी अवधपुरी है
पंचवटी है तुझसे ,
बता जरा कब राम सिया बिन, पार उतरता है
मौन अखरता है प्रिय तेरा , मौन अखरता है !!!
आलोकेश्वर चबडाल
दिबियापुर ।