धर्म की धारणा
धर्म, मूलतः, एक भारतीय संकल्पना है, जो भारतीय संस्कृति एवं दर्शन को रुपायित करती है। इसका शाब्दिक अर्थ है धारण करने योग्य, जिसे सबको धारण करना चाहिए। यह हमारी रक्षा करता है।
धारणात धर्ममाहुः — धारण करने के कारण ही, किसी वस्तु को धर्म कहा जाता है।
महाभारत के वनपर्व (३१३/१२८) के अनुसार —
धर्म एव हतो हन्ति धर्मो रक्षति रक्षितः।
तस्माद्धर्मो न हन्तव्यो मा नो धर्मो हतोवधीत् ।।
मरा हुआ धर्म, मारनेवाले का नाश करता है और रक्षित धर्म, रक्षक की रक्षा करता है। अतः धर्म का हनन नहीं करना चाहिए।
मीमांसा दर्शन, धर्म की व्याख्या करता है। इसका प्रथम सूत्र — अथातो धर्मजिज्ञासा और दूसरा सूत्र — चोदनालक्षणोर्थों धर्मः अर्थात् प्रेरणा देनेवाला अर्थ ही धर्म है। ऐसा कहकर धर्म का लक्षण बताया गया है।
गौतम ऋषि के अनुसार —
यतो अभ्युदयनिश्रेयस सिद्धिः स धर्म।
जिस कार्य को करने से अभ्युदय एवं निश्रेयस की सिद्धि हो, वह धर्म है। अभ्युदय का अर्थ है उत्तरोत्तर प्रगति, उन्नति। निःश्रेयस का अर्थ है मुक्ति, मोक्ष।
मनु ने, मानव-धर्म के दस लक्षणों का उल्लेख किया है —
धृतिः क्षमा दमोस्तेयं शौचमिन्द्रियनिग्रहः।
धीर्विद्या सत्यमक्रोधो दशकं धर्मलक्षणम्।।
धृति अर्थात् धैर्य, दम अर्थात् वासनाओं पर नियंत्रण, अस्तेय अर्थात् चोरी नहीं करना। शौच से तात्पर्य अंतरंग एवं बाह्य शुचिता से है। इन्द्रिय निग्रह अर्थात् इन्द्रियों को वश में करना।
श्रूयतां धर्म सर्वस्वं श्रुत्वा चैव अनुवर्त्यताम्।
आत्मनः प्रतिकूलानि, परेषां न समाचरेत्।।
धर्म के सर्वस्व को जानो, समझो और उस पर चलो। जो स्वयं को अच्छा न लगे, दूसरों के साथ, वैसा आचरण न करो। यही धर्म की कसौटी है।
वात्स्यायन के अनुसार धर्म, केवल क्रिया या कर्मों से संबंधित नहीं है। यह मनसा, वाचा, कर्मणा होता है। इसका संबंध चिंतन, वाणी एवं कर्म — तीनों से है।
धर्म को, यदि हम सत्य, अहिंसा, न्याय, समानता, भ्रातृत्व, अहिंसा, सहिष्णुता, कर्तव्य-परायणता आदि शाश्वत मूल्यों के रूप में देखें, तो सनातन धर्म, जिनके ये अवयव हैं, वही मूल धर्म दिखाई पड़ता है, बाकी सब, मानो उसकी निर्गत शाखाएं हों या उससे प्रभावित हों। प्रायः उनमें सनातन धर्म की गहराई और समग्रता का अभाव दिखाई देता है और वे किन्हीं मूल्य-विशेषों पर केंद्रित प्रतीत होते हैं।
सनातन धर्म में, जो चार पुरुषार्थ अभीष्ट बताये गए हैं, उनमें धर्म भी एक है। अन्य तीन हैं — अर्थ, काम और मोक्ष।
पुराणों के अनुसार, ब्रह्मा के एक मानस-पुत्र का नाम धर्म था, जिनका विवाह, प्रजापति दक्ष की तेरह कन्याओं से हुआ था। उनकी पत्नियों के नाम उल्लेखनीय हैं, मानों वे धर्म के लक्षणों का प्रतिनिधित्व कर रही हों — श्रद्धा, मैत्री, दया, शांति, तुष्टि, पुष्टि, क्रिया, उन्नति, बुद्धि, मेधा, तितिक्षा, ह्री एवं मूर्ति।
उनके संतानों के नाम भी अर्थपूर्ण हैं। श्रद्धा से नर एवं काम, तुष्टि से संतोष एवं क्रिया। क्रिया से दण्ड, नय एवं विनय का जन्म हुआ।
धर्म का मानवीयकरण करते हुए, एक अन्य कथा के अनुसार, धर्म की पत्नी अहिंसा से विष्णु का जन्म हुआ। भारत-भूमि में, धर्म की ग्लानि होने पर, उसकी पुनर्स्थापना के लिए, विष्णु, बार-बार अवतार लेते हैं —
यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।
अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्।।
धर्म स्वाभाविक एवं भागवत, दो प्रकार के होते हैं। एक दैहिक आवश्यकताओं की पूर्ति से संबंधित है, दूसरा आध्यात्मिक। सुख और आनंद की प्राप्ति धर्म का उद्देश्य है।
अन्य भाषाओं में, धर्म के लिए, कोई, उपयुक्त शब्द उपलब्ध नहीं है। अतः विदेशियों के लिए, धर्म के स्वरूप को, सही ढंग से समझने में, कठिनाई हो सकती है।
कहा जा सकता है कि धर्म किसी अतिमानवीय, अलौकिक, समाजोपरि शक्ति पर विश्वास है। इसका आधार भय, भक्ति, श्रद्धा एवं पवित्रता की धारणा है। इसकी अभिव्यक्ति प्रार्थना, पूजा-आराधना आदि रूपों में होती है।
इसके लक्षणों-विशेषताओं के रूप में, निम्न बातों का उल्लेख किया जा सकता है —
शक्ति में विश्वास, दिव्य चरित्र, पवित्रता की अवधारणा, सैद्धांतिक व्यवस्था, निश्चित प्रतिमान, मूल्यात्मक व्यवस्था, कर्मकांड, धार्मिक चेतना, धार्मिक मान्यताएं एवं निषेध।
अपने से उच्च शक्ति में विश्वास करना, उसके दिव्य स्वरूप, चरित्र, प्रभाव की कल्पना करना, शुचिता-पवित्रता की धारणा, कुछ मर्यादाएं, कुछ वर्जनाएं, निषेध आदि की मान्यताएं, कुछ मूल्य, आदर्श, सिद्धांत, मिथक, कर्मकांड आदि, किसी पंथ या धर्म की पहचान होते हैं।
स्थान, काल, परिस्थितियों का, धर्म पर, प्रभाव पड़ता है और वे, धर्म के स्वरूप में, समयानुकूल परिवर्तन के कारण बन सकते हैं। धर्म, प्रकृति एवं परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने का उपक्रम है। इसका स्वरूप लचीला होना चाहिए, जो नये विचारों, प्रभावों को ग्रहण करने में सक्षम हो।
यह मानसिक दासता का प्रतीक नहीं, ईश्वरीय आदेश या फरमान नहीं, जिन पर न शंका की जा सकती है, न प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
यह लोगों को अपने जाल में फंसाने का माध्यम नहीं, अपितु मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करने वाला साधन है, जो वैचारिक स्वतंत्रता, सहिष्णुता एवं शाँति का पाठ पढ़ाता हो !
परधर्म का आकर्षण प्रबल हो सकता है, किंतु स्वधर्म का पालन करते हुए प्राणोत्सर्ग करना भी सौभाग्य की बात है।
©गोपाल सिन्हा,
बंगलुरू