कथालेख/ अंक – 01/ जनवरी, 2023

नए वर्ष में एक आशा


ये नया साल नया हो तो कोई बात बने ,
दर्द हर दिल का मिटाओ तो कोई बात बने ।
सिर्फ शुभकामनाएं देने से क्या होता है ?
किसी रोते को हंसाओ तो कोई बात बने .।.
कितने मेहनतकशों के घर में अँधेरा है अभी ,
कितने मजलूमों से तो दूर सवेरा है अभी ,
लूटती रहती है निर्भया अभी भी सड़कों पर ,
इनके हक़ इनको दिलाओ तो कोई बात बने ।..
तुम्हारा वादा था हर घर में उजाला होगा ।
हर एक भूखे को हासिल वो निवाला होगा
हंसी हरेक लब पे , दिल में सुकुन आएगा ,
अपने वादों को निभाओ तो कोई बात बने .।.
कहीं महल है कहीं सर पे छत भी मिल ना सकी ।
फटी कमीज थी मजदूर की जो सिल ना सकी ।
उंच और नीच का ये भेद क्यूँ इंसानों में ?
अब तो ये भेद मिटाओ तो कोई बात बने ।
ये नया साल नया हो तो कोई बात बने
दर्द हर दिल का मिटाओ तो कोई बात बने ।

महेश शर्मा धार मध्य प्रदेश

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free