क्रोध
क्रोध का पिता भय,बेटा बैर,माता उपेक्षा, संग रहती है।
ईर्ष्या खानदानी नकचढ़ी बहू, जो ना कुछ सहती है।
क्रोध अकेला नहीं रहता, पूरा कुनवा होता उसके साथ,
घृणा उसकी पोती, जो सदा नाक के पास,खड़ी रहती है।
क्रोध जब लेकर आता, अपने भाई घमंड को साथ,
बुद्धि ज्ञान, विवेक शून्य, समझदारी की मीनार ढहती है।
मानको अपमान जीवन को,मृत्यु की ओर ले जाता क्रोध,
प्रत्याशित जीवन पर, अप्रत्याशित प्रत्यंचा चढ़ी रहती है।
क्रोध उच्च रक्तचाप हृदय आघात,बीमारियों का द्योतक,
अनबन लड़ाई दुश्मनी,बिना कारण ही तना तनी रहती है।
मानव ने अपने जीवन में पायी, जितनी शिक्षा दीक्षा,
समय रहते क्रोध ना रोक पाये,सब धरी की धरी रहती है।
क्रोध आत्मिक शक्ति भी, यदि साथ सद् उपयोग बोध,
कुछ अनियंत्रित नियंत्रण में, क्रोध की भूमिका रहती है।
क्रोध के कुरु क्षेत्र में जो, धैर्य संयम शान्ति, शस्त्र चलाये,
विजय श्री सदैव उसके, कदमों में पड़ी रहती है।
नरेंद्र पाठक बिसौली
(बदायूँ ) उ. प्र. भारत।