प्रिय पथिक
शावक मृग से नयनों में,,ये कौन सा भाव छुपाये हो
चारू चन्द्र किरणें जैसे मानस पटल पर बिखराये हो
भर-भरकर मधु- मदिरा किस मधुशाला से लाये हो
अँखियों के छलकते प्यालों से ये कैसी प्यास जगाये हो
जादू भरी आँखों वाले प्रिय,,,तुम कौन,, कहाँ से आये हो,,,?
सपनों की सोनजुही में सित सरसिज बन खिल आये हो
ये प्रेम सुधा के प्याले तुम अधरों में भरकर लाये हो
ये बूँद -बूँद सा प्रेम सरस रग-रग पर जो बरसाये हो
मैं बंद पंखुरी में भ्रमरी सी,,,ये कौन सी प्रीत लगाये हो
कुछ तो बोलो ,,,ओ प्रिय पथिक,,,, तुम कौन,, कहाँ से आये हो,,?
चुन-चुनकर वो मँजुल मोती मन की सीपी भर लाये हो
मलयज की मृदुल हिलोरों में मकरँद दिगँत बिखराये हो
मणि दीप लिये निज कर में ,पथ दिखलाने को आये हो
मैं एक अबोध अकिंचन,, तुम,,, प्रेम ,,, प्रेम,,बरसाये हो
ये पुरइन जैसे विहँसते ,, तुम कौन,, कहाँ से आये हो,,,?
कुछ तो बोलो,,, ओ प्रिय पथिक,,, तुम कौन कहाँ से आये हो,,?
©नमिता चौहान
उत्तरप्रदेश