कथालेख / अंक – 02 / फरवरी, 2023


किस मौसम के रंग चुराऊँ किस मौसम की रीत।
जिस को पाकर फिर से रीझे रूठा मन का मीत।।

तितली फूल हवा  को  भी  है इस का पूरा भान।
जगत मन्थरा बनकर भरता निश्चित उसके कान।।
आँखों देखा जाँचा परखा बना दिया सब झूठ।
इसीलिए तो मन के आँगन वह रच बैठी भीत।।

फागुन गाये फाग भला  क्या सावन धोये पाँव।
मधुमासों में भी जब लगता पतझड़ जैसा गाँव।।
गुनगुन करते तितली भौंरे विरही मन सह मौन।
उस बिन व्याकुल हुई लेखनी रचे भला क्या गीत।।

तपते सूरज से विनती की, अड़ बैठी बरसात।
लुकाछिपी में चाँद सुने ना, मन की कोई बात।।
नदिया बिफरी राह रोकती नाव न है पतवार।
कंटक पथ में क्या कम हैं जो आयी निष्ठुर शीत।।

किसने देखी फटी बिवाई किसने मन की पीर।
जो भी आया उपहारों  को  पाया बड़ा अधीर।।
कौन सुझाये  समझ  सलौनी  टूटे  मन की गाँठ।
अर्थ जनित सब रिश्ते नाते अर्थ जनित हर प्रीत।।

लक्ष्मण धामी “मुसाफिर”
पिथौरागढ़ (उत्तराखण्ड)

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free