कथालेख / अंक – 02 / फरवरी, 2023

विषय-माँ की याद (गीत)

रिश्ते कयी हैं ज़माने में लेकिन,
मुझे माँ तुम्हारी याद आ रही है।
उदासी में डूबे हैं दिन-ओ-रात मेरे,
ये तन्हाईयां मुझको खा जा रही हैं ।

कभी सोचता हूँ बचपन में जाकर,
हाथों से खाना खिलाती थी मुझको ।
जगकर वो रातों में गीले पे सोकर,
सूखे में पर वो सुलाती थी मुझको ।
लगता है अब भी वो गोदी में लेकर,
गाकर के लोरी माँ समझा रही है ।

कभी दर्द में जो मैं डूब जाऊँ,
तो लगता है मेरा कोई नहीं है ।
ढाँढस बँधाने को आते हैं सारे,
मगर जग में माँ जैसा कोई नहीं है ।
थक जाऊँ रोकर तो कानों में मेरे,
लगता है माँ की सदा आ रही है ।

शिकायत है मेरी ख़ुदा से मिले यदि,
पूछूँगा सिर से क्यों छत खींचते हो ?
भगवान हो तुम तरस क्यों नहीं है,
क्यों मासूम से उसकी माँ छीनते हो ?
मेरे इन सवालों का उत्तर नहीं है,
क्यों ममता की सिर से रिदा जा रही है ?

रचनाकार-अरूण शर्मा ‘कन्नौज’ (उत्तर प्रदेश)

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free