बूढ़े बाबा 1
वो गांव के बाहर निकल थोड़ी दूर तक चला। मुड़कर एक बार फिर गांव की ओर देखा। पीछे कोई नहीं। सिर्फ़ धूल उड़ाती सांय-सांय चलती हवा। घर के बाहर लगे नीम के पेड़ों की आड़ में घर छिप गया है। नीम के नीचे रखा मुश्ताक़ के अब्बा का खोखा परछाई में होने के कारण मटमैले धब्बे सा दिख रहा है।
वह आगे बढ़ा और ठूंठ में बदलते पीपल के नीचे पहुँचा। अपना झोला कच्ची सड़क के किनारे दूब पर रखा और बैठ कर बीड़ी सुलगाने लगा। उसने ऊपर निगाह कर पीपल को बड़े गौर से देखा। अब सिर्फ़ तीन मोटी शाखाएँ बची हैं जिनमें से एक की छांव में वह अब बैठ कर बीड़ी पी रहा है।
पहले कश के साथ उसके ज़ेहन पर जमी समय की धूल बीड़ी की राख के साथ नीचे गिरी। उसे याद है, किसी ज़माने में यह विशाल वृक्ष गाँव भर की रौनक का सबसे बड़ा कारण हुआ करता था। उसके पिताजी ने एक बार बताया था कि इसकी जड़ें लगभग सात-आठ सौ मीटर की दूरी तक फैली हैं और ये पीपल दादाजी के जन्म से भी बहुत पहले का है। देखने में एक विशालकाय वृक्ष, मोटा तना, दूर तक फैली मोटी और लंबी शाखाएं और ऊपर से घनघोर पत्ते जो बहुत धीमी हवा के होने पर भी हमेशा खड़खड़ाते रहते। दूर से कोई विशाल हरे रंग का कुकुरमुत्ते जैसा जान पड़ता था। गाँव के लोग गर्मियों की लम्बी दोपहर इसी के नीचे गुज़ारते। लोगों की अपनी-अपनी धार्मिक आस्थाएं इससे जुड़ी थीं। किसी के घर में भी कोई शुभ कार्य होता, तो वह सबसे पहले ‘बूढ़े बाबा’ को ही बतासे या चुनरी चढ़ाया करता। ‘बूढ़े बाबा’! हाँ, गाँव के सभी लोग इसी नाम से पुकारते थे इस पीपल को। उसके आसपास मूतता तक नहीं था कोई। डर से। कहीं बूढ़े बाबा नाराज़ न हो जायें।
इस पीपल ने न जाने कितने डगरोहियों को मई-जून की चिलचिलाती धूप से राहत दी, न जाने कितनों को बारिश में भीगने से बचाया। गाँव की कई शादियों का प्रत्यक्ष गवाह रहा ।
धूल थोड़ी और हटी। स्मृतियों के एल्बम से कुछ और तस्वीरें निकलकर ज़ेहन पर छा गईं।
उसके सभी संगी इसी के नीचे गुल्लीडंडा और खो-खो खेला करते थे। अपने मवेशी चराने आये चरवाहे इसी के नीचे बैठकर उनपर नज़र रखा करते थे। गाँव की लड़कियाँ गोरू चराने के साथ साथ शूटों पर कढ़ाई भी किया करतीं। उमेशा पास की बगिया में नीम के नीचे बैठ ऊँचे नोट पर ‘परदेसी-परदेसी जाना नहीं’ का राग छेड़ देता, जब वह पूरी तरह मूड़ में आता तो लोग उसे ठहरकर सुनने लगते। सब इसी पीपल के नीचे। बड़ी रौनक रहा करती थी सुबह से शाम तक।
बैठे-बैठे उसने दूसरी बीड़ी सुलगाई। क़स्बा अभी पाँच किलोमीटर दूर है और पैदल का रास्ता है। शाम को सात बजे दिल्ली की बस है। इतने सालों में पहली बार वह घर से हड़बड़ी में निकला है शहर भागने के लिए। मानों गाँव काट रहा हो। 2
जब वो पहली बार अपने पाँच साल के बच्चे और बीबी को लेकर दिल्ली जा रहा था तो मोहल्ले की सभी चाचियाँ और चाचा उसके साथ-साथ इस पीपल तक उसे छोड़ने आये थे। वह चलता रहा और मुड़-मुड़ कर देखता रहा। पीछे खड़े लोग अब भी उसे जाते हुए देख रहे थे और तब तक खड़े रहे जब तक वह विशाल वृक्ष एक छोटे से हरे कुकुरमुत्ते में नहीं बदल गया।
उसके बाद वह जब भी गाँव लौटता तो आस-पास चाचा-चाचियां दिनभर दिल्ली से आये बहू-बेटे से मिलने आते रहते। पोते की पढाई, कामकाज और दिल्ली का हल-चाल पूछते। शाम होते ही वह अपने पुराने ठीयों पर निकल जाता जहाँ उसकी मित्र मण्डली उसका इंतज़ार कर रही होती। उस मंडली के साथ बैठे-बैठे जाने कब रात के दस-ग्यारह बजे जाते। घर के लोग खाने के लिए बार-बार टेर लगवाते पर वह वहाँ से हिलने का नाम न लेता। गाँव में उसके ये कुछ दिन उत्सव की तरह बीतते। शहर जाने का मन न करता। पैर जम जाते और दिल डूबने लगता। 3
यह वही गांव है जहाँ अब वह आता है तो जो अपने काम में लगा है लगा रहता है। घर कोई भी मिलने नहीं आता। उसने दिन-महीने-साल गिने। बीस बरस गुज़र गए गांव छोड़े। साल गुज़रते गये गाँव बदलता गया। लोग बदलते गये। वातावरण और भूगोल बदलता गया।
उसे उन खबरों की याद आती जो उसे शहर के आठ- बाई-आठ के कमरे में मोबाईल फोन पर मिलीं। रामदास के दद्दा नहीं रहे। सामने वाले चच्चा-चाची चल बसे। चलते-चलते उसे खूब याद किया! यह बात उसे गाँव में आकर पता चली।
इन बीस वर्षों में लगभग सभी बुजुर्ग मर चुके हैं। जिन बच्चों को वह खेलता छोड़ गया था वो सब ब्याह चुके हैं। गाँव में नई बहुएं आ चुकी हैं। गांव की लड़कियाँ जो उसे ददुआ कहकर पुकारती थीं सब ब्याह कर ससुराल जा चुकी हैं। इस बार जब वह गांव आया तो उसने फिर से किलकारी मारते हुए नये बच्चे अपनी गली में देखे। पूछने पर पता चला कि दिनेश का पोता है। उससे छोटा दिनेश अब दादा बन चुका है। ऐसे ही न जाने कितने चेहरे हैं जो उसे अजनबी नज़रों से देखते हैं।
इस अंतराल में जब भी वह गाँव आता तो कोई न कोई उसकी नज़रों से ओझल हो जाता। पूछने पर पता चलता कि फलाने का लड़का दिल्ली गया है पैसा कमाने। उसके पुराने साथी श्यामपाल के लड़के पिछले कुछ वर्षों से जयपुर में हैं। कल जब वह श्यामपाल की दूकान के बाहर बैठा था तो श्यामपाल ने ख़ुद ही ज़िक्र छेड़ा। “रमेश बाबू! दोनों लड़के जयपुर में हैं। तुम्हें तो पता ही है। दोनों ने मिलकर वहाँ अपना घर बना लिया है। मुझे बुलाते हैं कि दद्दा तुम भी आ जाओ। मैं गया भी था एक बार पर पराये देस में मन न लगा। तीसरे दिन ही भाग आया। भैया! आधी खाओ और घर में रहो। यही दद्दा कहते थे।”
सुनकर उसे याद आया कि कुछ साल पहले जब उसने अपने चबूतरे पर बैठे लोगों को बताया था कि उसने अब शहर में घर बनवा लिया है तो कई लोगों के चेहरे उतर गए थे। रामबाबू की अम्मा ने पूछा था-” मतलब अब तुम्हारे गाँव लौट आने की कोई उम्मीद नहीं रमेश! “
उसके अगले साल जब वह गाँव आया तो पता चला कि रामबाबू की अम्मा पिछले महीने ही चल बसीं। वह वहीं बेआवाज़ रोने लगा था। आख़िर वही मुहल्ले की सबसे बुजुर्ग बची थीं जो उसके लौटने पर उसके पास बैठती और अपने बहू और बेटे की करतूतें बतातीं। पूरे गाँव का हाल चाल देतीं। पिछले बीस सालों से उसकी बैठक सिमटते सिमटते रामबाबू की अम्मा तक ही बची थी। अब पूरी बैठक उजड़ चुकी थी।
गांव तो वह हर साल जाता था पर पिछले पाँच-छः बरसों से कुछ अजनबीपन का भाव उसके ज़ेहन में सुराख़ कर अपनी पैठ बनाता जा रहा था।
गाँव के सारे कच्चे मकान पक्के हो चुके थे। उसके घर के ठीक सामने वाला तालाब जहाँ, वह गूलर के पेड़ के नीचे बैठ कटिया डाल कर मछलियाँ पकड़ता था, सूख गया था। तालाब के किनारे लगा सरकारी हैण्डपम्प जंग खा चुका था। गाँव के आसपास के बाग़ काटे जा चुके थे। आबादी खेतों की तरफ बढ़ती जा रही है। गाँव के नौजवान शहरों को पलायन कर गए हैं।
अब मुहल्ले के हर घर में एक दो शहरवासी है। सो अब उसके शहर से लौटने पर कोई उसे देखने आये! क्यूँ आये? अब सबको शहर के बारे में मालूम है।उससे क्योंकर कोई पूछेगा कि शहर में क्या-क्या बदला? कौन कौन से नई चीज़ें आईं। लड़के शहर में कमाते हैं! सबके घर में एक-एक स्मार्ट फोन भी है! 4
पहले वो सप्ताह के सप्ताह रुक जाया करता था। पर इस बार दूसरे दिन ही उसका जी उचट गया। इस बार वह आया तो सोचा था दो चार दिन रुकेगा पर कल शाम को आँगन में नीम के नीचे लेटे हुए उसे ख़याल आया कि कल सुबह ही कस्बे की तरफ निकल जायेगा। हालाँकि बस शाम को ही मिलेगी पर दिनभर वहीं गुज़ारेगा। कनेटा की साइकिल की दुकान वहाँ है ही, वहीं रहेगा। रात को पड़ोस के चच्चा खाना लेकर आये। अम्मा दद्दा के गुज़रने के बाद वह जब भी आता था तो चच्चा ही उसका ख़याल रखते थे। उनके आते ही उसने बताया-“चच्चा सबेरे ही निकलूँगा। मन नहीं लग रहा।”
चच्चा की आँखें उदास हो गईं। मन कहीं अतीत में खींच ले गया, वहीं से बोले-“ठीक है भैया!” एक लंबी सांस ली फिर बराबर वाली खाट पर लेट गए और सितारों से भरे आसमान को देखने लगे।
जब वह खाना खा चुका तो चच्चा ने पूछा-” सुना है शहर के आसमान में सितारे दिखते ही नहीं!”
उसने सुना, सोचा जवाब न दूं। फिर गले से कुछ शब्द धकेलते हुए बोला-“चच्चा! शहर में कुछ भी साफ़ नहीं दिखता!”
सुबह नाश्ता किया। अपना झोला उठाकर कंधे पे टांगा। चच्चा के पांव छुए।
-“चलता हूँ चच्चा।”
-“ठीक है भैया! फिर आना।” कहकर वह अपने काम में जुट गए। बाहर गली में वह किसी से नहीं बोला या यूँ कहिये कोई उससे नहीं बोला। किसी ने नहीं पूँछा कि कहाँ और क्यूँ जा रहे हो। कोई उसके पीछे नहीं आया उसे विदा करने वाला। वह चलता है और मुड़-मुड़ कर पीछे देखता है। जो जिस काम में लगा है उसी में व्यस्त है। पीपल के नीचे पहुँचा और ठहर गया। उसने पीपल को देखा और बेआवाज़ रोने लगा। पीपल ने उसे देखा और बेआवाज़ रोने लगा। यह दृश्य देख आस पास के ठूंठ, जो कभी बाग़ थे, सोग में डूब गए।
स्मृतियों का एल्बम फिर से मन के किसी तहख़ाने में लौट गया।
वह उठा और झोला कंधे पर डाला। बूढ़े बाबा के आगे सर झुकाया। हवा का एक झोका आया और बची-खुची पत्तियों ने धीरे- धीरे अलविदा भाव से अपना सिर हिलाया। गाँव से कुछ बच्चे इधर टहलते हुए आ गए थे जो अजनबी आँखों से यह सब देखते रहे पर कोई पास नहीं गया। उसने एक नज़र गाँव की ओर डाली और मुड़कर तेजी से कस्बे की ओर चलने लगा। बस शाम की है पर वहाँ उसके पड़ोसी कनेटा की साइकिल मरम्मत की दुकान है वहीं पूरा दिन गुज़ारेगा।
दीपक ‘विकल’